पाली जिले के सरकारी हॉस्पिटल में उपचार कराने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब मरीजों को आवश्यक लैब जांचों की रिपोर्ट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी की पहल पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले के 7 प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में अधिकतम दो घंटे में जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की है। जिसमें पाली का बांगड़ हॉस्पिटल भी शामिल है। सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया- इस नवाचार का उद्देश्य मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध करवाकर उपचार प्रक्रिया को तेज और सुविधाजनक बनाना है। नई व्यवस्था के तहत चिकित्सक उसी दिन जांच रिपोर्ट देखकर मरीज का उपचार शुरू कर सकेंगे। इससे मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल आने की परेशानी से भी राहत मिलेगी। इन 7 अस्पतालों में मिलेगी सुविधा जिले में फिलहाल यह व्यवस्था सात चिकित्सा संस्थानों में शुरू की गई है। इनमें बांगड़ अस्पताल पाली, जिला चिकित्सालय सोजत, जिला चिकित्सालय बाली, उप जिला अस्पताल सुमेरपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मारवाड़ जंक्शन, सादड़ी और तखतगढ़ शामिल हैं। प्रमुख जांचों की रिपोर्ट दो घंटे में इस व्यवस्था में हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, बीटी एवं सीटी, ईएसआर, सीबीसी, टीएलसी एवं डीएलसी, ब्लड ग्रुप, मलेरिया कार्ड टेस्ट, एचआईवी, वीडीआरएल, विडाल टेस्ट, यूरिन एल्ब्यूमिन एवं शुगर, यूरिन प्रेग्नेंसी टेस्ट (यूपीटी) और स्टूल ओवा सहित अन्य आवश्यक प्रयोगशाला जांचों को शामिल किया गया है। समय पर उपचार शुरू करने में मिलेगी मदद सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि जांच रिपोर्ट अधिकतम दो घंटे में मिलने से चिकित्सकों को मरीज की बीमारी का समय पर आकलन करने और आवश्यक उपचार शुरू करने में मदद मिलेगी। चिकित्सा विभाग का प्रयास है कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हों।