पाली जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों को अवैध तरीके से जमा करने, व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की कार्रवाई जारी है। इस अभियान के तहत विभाग की संयुक्त जांच टीम ने जिले के कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 15 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। जिला रसद अधिकारी भंवरसिंह राठौड़ के नेतृत्व में प्रवर्तन अधिकारी कमल कुमार पंवार और जितेन्द्र सिंह आशिया की संयुक्त टीम ने 4 नवंबर को जांच अभियान चलाया। इस दौरान एनएच-162 स्थित जाखोड़ा, सुमेरपुर के तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। इनमें शाकम्भरी प्रोविजनल और जनरल स्टोर से 6, आरजे-22 हाईवे स्टोर से 4 और बसंत किराणा स्टोर से 2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। वहीं गुड़ा एंदला स्थित माताजी होटल और रेस्टोरेंट से भी 3 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस तरीके से कुल 4 प्रतिष्ठानों से 15 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। विभाग के जरिए संबंधित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग जयपुर के निर्देशानुसार दीपावली त्योहार के मद्देनजर घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग, अवैध भंडारण और रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई आगे भी इसी तरह से जारी रहेगी।