पाली जिले की निम्बाड़ा ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने वाले आदित्यसिंह राजपुरोहित सोमवार को अपने समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. रविन्द्र गोस्वामी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया - चुनाव में वे महज 3 वोट से हार गए, जबकि 106 वोट खारिज किए गए थे। उन्होंने इन खारिज वोटों की समीक्षा कराने और दोबारा मतगणना कराने की मांग की। आदित्यसिंह ने बताया- मतगणना के दौरान 106 वोट खारिज कर दिए गए थे। इस पर उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी से खारिज हुए वोट दिखाने की मांग की, लेकिन अधिकारी ने मना कर दिया। साथ ही उनकी आपत्ति भी खारिज कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह राजस्थान पंचायती राज निर्वाचन नियम, 1994 के नियम 50 और 51 का उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि उन्होंने दोबारा मतगणना कराने की मांग भी की थी, लेकिन रिटर्निंग अधिकारी ने इससे इनकार कर दिया। इस पर सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोबारा मतगणना कराने और खारिज किए गए 106 वोटों की समीक्षा करवाने की मांग की।