पंचायतीराज चुनाव-2026 के तीसरे चरण में जिले की 4 पंचायत समितियों में 145 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान गुरुवार को होगा। इसे लेकर जिला निर्वाचन विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली है। यहां मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम जारी किए जाएंगे। तीसरे चरण में 145 सरपंच और कुल 1379 वार्ड पंचों के लिए चुनाव जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि इस चरण में चार पंचायत समिति क्षेत्रों में 511 राजस्व गांवों की 145 ग्राम पंचायतों में कुल 145 सरपंच और कुल 1379 वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार को संपन्न हुई। इसके बाद जिन पंच-सरपंच पदों के लिए आवश्यक होगा, वहां मतदान गुरुवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन ने इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं। बता दें कि जिले की खण्डार पंचायत समिति क्षेत्र में ग्राम पंचायतों के सरपंच के 35 एवं वार्ड पंच के 369 पद, मलारना डूंगर में सरपंच के 29 और वार्ड पंच के 277, बामनवास में सरपंच के 49 और वार्ड पंच के 413 तथा बौंली में सरपंच के 32 एवं वार्ड पंच के 320 पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया हो रही है।