जैसलमेर में चौथे चरण में जिले की 10 पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। जिला परिषद की 21 और पंचायत समिति की 150 सीटों के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, 266 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच के चुनाव के लिए 16 नवंबर को वोटिंग होगी। जिले में कुल 4 लाख 43 हजार 65 मतदाता पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान अधिकारियों को दी ट्रेनिंग चौथे चरण की तैयारियों के तहत जैसलमेर में सोमवार को मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में हुए प्रशिक्षण में मतदान अधिकारी और प्रथम सहायक मतदान अधिकारी संख्या 1 से 330 तक शामिल हुए। अधिकारियों को नामांकन पत्रों की जांच, मतदान प्रक्रिया, EVM संचालन, मशीनों की सीलिंग और मतगणना के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्होंने खुद कंट्रोल यूनिट और बैलेट यूनिट चलाकर अभ्यास भी किया। प्रशिक्षण प्रभारी एवं सहायक निदेशक महिला एवं बाल विकास चन्द्रवीर सिंह भाटी ने अधिकारियों को चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से मतदान करवाने के निर्देश दिए। दक्ष प्रशिक्षक रामाराम, मिश्री सिंह और विजय बल्लानी ने चुनाव की अलग-अलग प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इस दौरान उप सरपंच चुनाव और मतगणना के समय अधिकृत लोगों की मौजूदगी से जुड़े नियम भी समझाए गए।