जैसलमेर पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिले में 14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने जिले के मतदाताओं से लोकतंत्र के इस उत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। जिला निर्वाचन अधिकारी जोरवाल ने बताया कि चुनाव के चतुर्थ चरण में जिले के जिला परिषद के 21 वार्डों और 10 पंचायत समितियों के 150 सदस्यों के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा। इसके बाद 16 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान करवाया जाएगा। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी वोटिंग कलेक्टर ने बताया- दोनों मतदान दिवस पर वोट डालने का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने दैनिक कार्यों में से समय निकालकर मतदान केंद्र पहुंचें और अपने मताधिकार का उपयोग करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पंचायतीराज चुनाव लोकतंत्र की जमीनी व्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर हैं। आमजन की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सशक्त बनती है।