टोंक जिले में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में सरपंच पदों के लिए 1159 उम्मीदवार मैदान में हैं। बुधवार को 153 ग्राम पंचायतों के लिए आवेदन किए गए। इनमें से 1769 फॉर्म वैध पाए गए। वहीं तय वक्त से पहले 610 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिए। जिले की 5 पंचायत समितियों की 153 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए नाम वापसी के बाद अब 1159 प्रत्याशी मैदान में हैं। सरपंच पद के लिए कुल 1784 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। कलेक्टर डाबी बोलीं- मुकाबले की स्थिति साफ जिला निर्वाचन अधिकारी टीना डाबी ने बताया- तीसरे चरण की 153 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए चुनावी मुकाबले की स्थिति साफ हो गई है। गुरुवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा । दूसरे दिन 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा। चुनाव शांतिपूर्ण करवाने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना है। उधर सरपंचों के लिए जैसे ही चुनाव चिह्न आवंटित हुए, प्रत्याशियों ने डोर टू डोर प्रचार शुरू कर दिया। 65 पंचायत समिति सदस्यों के लिए 251 प्रत्याशी पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण में जिले की टोंक, टोडारायसिंह और निवाई पंचायत समिति के 65 सदस्यों के लिए बुधवार को नामांकन का आखिरी दिन रहा। आज 251 नामांकन भरे गए।