पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत बुधवार को नामांकन के अंतिम दिन जैसलमेर जिले में चुनावी हलचल बढ़ गई। जिला परिषद के 21 वार्डों और 10 पंचायत समितियों के 150 वार्डों में बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। अंतिम दिन जिला परिषद सदस्य के लिए 88 प्रत्याशियों ने 98 नामांकन पत्र जमा करवाए। वहीं, पंचायत समिति सदस्य के लिए 392 प्रत्याशियों ने 472 नामांकन पत्र दाखिल किए। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल के अनुसार जिला परिषद सदस्य के लिए अब तक कुल 138 प्रत्याशियों ने 162 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इसी तरह जिले की 10 पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए अब तक 802 प्रत्याशियों ने कुल 1001 नामांकन पत्र जमा करवाए हैं। पंचायत समिति स्तर पर अंतिम दिन सबसे ज्यादा नामांकन भणियाणा में हुए। यहां 60 प्रत्याशियों ने 64 नामांकन दाखिल किए। रामदेवरा में 45 प्रत्याशियों ने 61, नाचना में 50 प्रत्याशियों ने 55, सांकड़ा में 47 प्रत्याशियों ने 55 और जैसलमेर में 36 प्रत्याशियों ने 47 नामांकन पत्र जमा करवाए। इसके अलावा फतेहगढ़ में 35 प्रत्याशियों ने 45, राजमथाई में 34 प्रत्याशियों ने 39, रामगढ़ में 33 प्रत्याशियों ने 41, मोहनगढ़ में 29 प्रत्याशियों ने 34 और खुहड़ी में 23 प्रत्याशियों ने 31 नामांकन पत्र दाखिल किए। 5 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच, 6 को नाम वापसी नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार 5 नवंबर को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद शुक्रवार 6 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। इसके साथ ही जिले में पंचायत चुनाव की तस्वीर साफ हो जाएगी।