कोटपूतली के राजकीय कॉलेज पावटा में मंगलवार को सात दिवसीय रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत विधिक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें मुंसिफ सिविल जज पूजा धानिया ने छात्राओं को कानून, महिला सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। पूजा धानिया ने कहा कि छात्राओं को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने आत्मरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों और आपात स्थिति में मिलने वाली सहायता के बारे में बताया। साथ ही छात्राओं से अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। सत्र में कानूनी विशेषज्ञों ने महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और आपात स्थिति में उपलब्ध कानूनी हेल्पलाइन की जानकारी भी दी। अतिथियों का किया स्वागत कॉलेज के प्राचार्य राजनेश कुमार और संकाय सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान प्रशिक्षण शिविर की संचालक सहायक आचार्य डॉ. सरिता लालस, कार्यक्रम प्रभारी आर्य गौरीक, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।