ब्यावर |​सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय ब्यावर में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में कविता लेखन और कथा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेखा मंडोवरा ने की। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. पूजा देवन्दा, डॉ. मोनिका यादव और खुशबू जादौन ने किया। प्राचार्य डॉ. रेखा मंडोवरा ने कहा कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने के साथ जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया और अपनी प्रतिभा दिखाई। कविता लेखन प्रतियोगिता में पलक कुमावत प्रथम, तमन्ना द्वितीय और जिज्ञासा तृतीय स्थान पर रहीं। कथा लेखन प्रतियोगिता में सीमा ने प्रथम, सोनू ने द्वितीय और प्रतिष्ठा नागोरा ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम संयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और देश के विकास में उनके योगदान को समझने के साथ अपनी कला के माध्यम से विचार व्यक्त करने का अवसर मिला।