चरागाह और वन क्षेत्र (ओरण) के संरक्षण को लेकर गुरुवार को राजधानी में बड़ा जनआंदोलन देखने को मिला। सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन से “ओरण बचाओ पदयात्रा” निकाली गई, जिसमें जैसलमेर सहित प्रदेशभर से सैकड़ों लोग शामिल हुए। यह पदयात्रा मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचकर सरकार का ध्यान ओरण भूमि की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की ओर आकर्षित करने के लिए थी, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को भवानी निकेतन के पास ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और पद यात्रियों के बीच हल्की झड़प भी हुई। पदयात्रा में शामिल बाड़मेर जिले के शिव से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं दिख रही। सरकार का पक्ष सरकार ने जैसलमेर के पारिस्थितिकी संतुलन को बनाए रखने के लिए ओरण भूमि के आरक्षण के कदम उठाए गए हैं। राज्य सरकार ने जैसलमेर के विभिन्न गांवों में ओरण के लिए कुल 3666.2139 हैक्टेयर भूमि आरक्षित की है।