प्रतापगढ़ में मिशन लाइफ के तहत जिले में 7 नवंबर तक पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, जयपुर के निर्देश पर ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल सप्ताह के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। स्कूलों में विद्यार्थियों को दिलाई शपथ अभियान के तहत सहायक अभियंता ग्रामीण ने कीर्ति विद्या मंदिर, ढलमू और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, अमलावद में विद्यार्थियों को ऊर्जा बचाने की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्हें ऊर्जा संरक्षण के महत्व और बिजली की बचत के तरीकों की जानकारी दी गई। ऊर्जा संरक्षण दिवस पर सरकारी कार्यालयों और स्कूल-कॉलेज परिसरों में बिजली बचाने, विद्युत उपकरणों का अनावश्यक इस्तेमाल रोकने और ऊर्जा ऑडिट के प्रति जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। हर दिन अलग विषय पर होंगी गतिविधियां 4 नवंबर : टिकाऊ खाद्य प्रणाली — टिकाऊ और जैविक खेती, पारंपरिक भोजन और मिलेट्स का प्रदर्शन किया जाएगा। स्कूलों और हॉस्टलों में भोजन की बर्बादी रोकने के लिए जागरूकता गतिविधियां होंगी। 5 नवंबर : प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली — सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल रोकने, कपड़े के थैले और दोबारा इस्तेमाल होने वाली वस्तुएं अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा। प्लास्टिक कचरा एकत्र करने के लिए सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। 6 नवंबर : ई-कचरा प्रबंधन — पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सही तरीके से एकत्र करने, रीसाइकिल करने और सुरक्षित निस्तारण के बारे में जानकारी दी जाएगी। 7 नवंबर : ठोस कचरा प्रबंधन — सफाई अभियान और कचरे को अलग-अलग करने से जुड़ी गतिविधियां होंगी। इनमें 3आर यानी कम इस्तेमाल (रिड्यूस), दोबारा इस्तेमाल (रीयूज) और रीसाइकिल के सिद्धांतों को अपनाने पर जोर दिया जाएगा।