प्रतापगढ़ में दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट और घटिया सामग्री की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया है। इसके तहत अरनोद में 105 किलो घटिया मावा मौके पर नष्ट कराया गया। प्रतापगढ़ शहर में 58.6 लीटर संदिग्ध घी सीज किया गया, जबकि पीपलखूंट में अवधिपार और अनुपयोगी खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। जिला कलेक्टर शुभम चौधरी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें मिठाई की दुकानों, मावा बनाने वाली इकाइयों और खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण कर रही हैं। अरनोद में 105 किलो मावा नष्ट कराया खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामेश्वर मीणा और कल्पना पटेल की टीम ने अरनोद में मावे की गुणवत्ता जांची। जांच में 105 किलो मावा घटिया और निम्न गुणवत्ता का पाया गया। टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया, ताकि यह बाजार में बिक्री के लिए नहीं पहुंच सके। प्रतापगढ़ में संदिग्ध घी के नमूने लिए 22 अक्टूबर को प्रतापगढ़ शहर में जांच के दौरान 58.6 लीटर संदिग्ध घी सीज किया गया था। इसके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, 29 अक्टूबर को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने थड़ा में मावा बनाने वाली इकाई का निरीक्षण किया। यहां से घी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। पीपलखूंट में अवधिपार सामग्री नष्ट कराई 30 अक्टूबर को पीपलखूंट क्षेत्र में खाद्य सामग्री की दुकानों के निरीक्षण के दौरान अवधिपार और अनुपयोगी सामग्री मिली। टीम ने 16.5 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल, 14 लीटर घी और 20 किलो दलिया नियमानुसार मौके पर ही नष्ट करवाया। तीन खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से बढ़ाई निगरानी खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामेश्वर मीणा ने बताया कि इस बार विभाग को तीन खाद्य सुरक्षा अधिकारी उपलब्ध होने से जिले में निरीक्षण और नमूने लेने की कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। त्योहार के दौरान मिठाई, मावा, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग का उद्देश्य मिलावटी, घटिया और अवधिपार खाद्य सामग्री की बिक्री रोकना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। दीपावली पर मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ विभाग ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में दुकानों और खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण तेज कर दिया है।