जिले में मिशन लाइफ के तहत 1 से 7 नवंबर तक ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल सप्ताह मनाया जाएगा। हर दिन अलग-अलग थीम पर पर्यावरण संरक्षण और जन जागरूकता की गतिविधियां होंगी। इसकी शुरुआत रविवार को पुलिस लाइन में योग और फिटनेस कार्यक्रम से हुई। पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, जयपुर के निर्देश पर यह आयोजन हो रहा है। उप वन संरक्षक को आयोजन का नोडल अधिकारी बनाया गया है। अफसरों ने किया अभ्यास कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या ने बताया कि अभियान के तहत रविवार को पुलिस लाइन में स्वस्थ जीवनशैली दिवस मनाया गया। इस दौरान योग और फिटनेस कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में उप वन संरक्षक सुरेश अग्रवाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग सहित अन्य अधिकारियों ने योग किया। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या ने कहा कि योग और नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाई जा सकती है। एएसपी बोले- स्वस्थ शरीर के लिए नियमित योग जरूरी जयदेव सियाग ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक जीवनशैली के लिए नियमित योग और व्यायाम जरूरी हैं।