प्रतापगढ़ में दीपावली से पहले बाजारों में व्यवस्था सुधारने के लिए नगर परिषद और यातायात पुलिस ने गुरुवार को संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने प्रमुख बाजारों और व्यस्त रास्तों का निरीक्षण कर अतिक्रमण, गंदगी और गलत पार्किंग करने वालों के चालान काटे। कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर सामान रखने, सड़क किनारे वाहन खड़े करने और खाने-पीने की दुकानों के बाहर गंदगी मिलने पर संबंधित दुकानदारों और वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ने से सड़क पर रखे सामान और बेतरतीब खड़े वाहन यातायात में बाधा बन रहे हैं। दुकानदारों को सफाई रखने के निर्देश नगर परिषद की टीम ने खाने-पीने की दुकानों के बाहर गंदगी मिलने पर चालान काटे। दुकानदारों को दुकानों के आसपास सफाई रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के निर्देश दिए। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से तय पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और सड़क पर रास्ता खुला रखने की अपील की। प्लास्टिक के बजाय कपड़े के बैग दिए कार्रवाई के दौरान नगर परिषद कर्मचारियों ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल को लेकर दुकानदारों और आमजन को जागरूक किया। लोगों को प्लास्टिक की जगह इस्तेमाल करने के लिए कपड़े के बैग वितरित किए गए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि आगे जांच में प्लास्टिक का इस्तेमाल पाए जाने पर चालान काटे जाएंगे। नगर परिषद और यातायात पुलिस के इंचार्ज ईश्वर लाल मीणा ने बताया कि संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य दीपावली पर बाजारों को अतिक्रमण मुक्त और साफ रखना तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखना है।