त्योहारी सीजन में सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट ने सर्राफा बाजार की रौनक दोगुनी कर दी है। एक माह के भीतर चांदी 44,100 रुपए प्रति किलो और सोना 21,740 रुपए प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हुआ है। इसके असर से सर्राफा बाजार में सामान्य दिनों की तुलना में दोगुनी ग्राहकी दर्ज की जा रही है। लोग निवेश के साथ-साथ आगामी शादियों और अबूझ मुहूर्त के लिए गहनों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष यशवंत आंचलिया ने बताया कि कीमतों में कमी से बाजार में नई ऊर्जा आई है। शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंच रहे हैं। ग्राहकों की सुविधा के लिए एसोसिएशन ने शुद्ध सोने और चांदी के सिक्के भी बाजार में उपलब्ध कराए हैं। ज्वेलर डॉ. महेंद्र सोजतिया के अनुसार, आगामी उत्सवों के लिए गहने खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए यह सबसे मुफीद समय है। राजस्थान सर्राफा संघ के संरक्षक इंदरसिंह मेहता ने बताया कि पिछले 10 दिनों में ही चांदी 28,450 रुपए प्रति किलो और सोना 7,300 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है। कीमतों में इस अचानक आई गिरावट से निवेश के उद्देश्य से भी बुलियन मार्केट में मांग तेजी से बढ़ी है। 10 दिन में चांदी 28,450 रुपए नरम, 15 दिन में प्लॉट-विला और होटलों में निवेश उछला इलेक्ट्रॉनिक्स: एआई फीचर्स वाले गैजेट्स पर आकर्षक ऑफर्स दीपोत्सव को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी ऑफर्स की धूम है। टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन सहित घरेलू उपकरणों पर विशेष छूट दी जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन के सदस्य गिरीश मनवानी ने बताया कि बाजार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित फीचर्स वाले नए उत्पाद उपलब्ध हैं, जो स्मार्ट तकनीक से घरेलू कामकाज को आसान बना रहे हैं। ऑटोमोबाइल : ईवी की जबरदस्त मांग बढ़ी, कई मॉडल्स पर वेटिंग वाहन बाजार में भी पिछले वर्षों की तुलना में ज्यादा उत्साह नजर आ रहा है। ऑटोमोबाइल एसोसिएशन के सतपाल सिंह ने बताया कि इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते कई मॉडल्स पर वेटिंग चल रही है। त्योहारी सीजन में डिलीवरी समय पर देने के लिए डीलरशिप स्तर पर विशेष तैयारियां की गई हैं।