राजस्थान की टीम रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबलों में जीत से केवल 6 विकेट दूर है। धर्मशाला में खेले जा रहे मुकाबले के तीसरे दिन राजस्थान ने दूसरी पारी 8 विकेट पर 521 रन बनाकर पारी घोषित की। राजस्थान ने पहली पारी में 78 रन बनाए थे। फिर हिमाचल को पहली पारी में 153 रन पर समेट दिया। राजस्थान ने दूसरी पारी में कुल 446 रन की बढ़त हासिल की। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक हिमाचल दूसरी पारी में 4 विकेट पर 83 रन बना चुका है। राजस्थान अब जीत से 6 विकेट दूर है। बल्लेबाज और गेंदबाजों का बेहतरीन प्रदर्शन राजस्थान रणजी टीम के मीडिया मैनेजर मनीष शर्मा ने बताया कि दूसरी पारी में विकेटकीपर बल्लेबाज कुणाल सिंह राठौर ने 86, कप्तान कार्तिक शर्मा ने 63 और ऑलराउंडर विशाल हर्ष ने 50 रन बनाए। हिमाचल के अभिषेक कुमार ने 146 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि अर्पित गुलेरिया और जितेंद्र राणा को 2-2 विकेट मिले। हिमाचल की दूसरी पारी में राजस्थान के दानिश भाम्भू ने 2, अनिकेत चौधरी और साहिल दीवान ने 1-1 विकेट लिया। हिमाचल को अभी भी राजस्थान की बढ़त पार करने के लिए 363 रन की जरूरत है। अंडर-23 में राजस्थान ने बिहार के खिलाफ बनाए 552 रन जयपुर में खेले जा रहे बीसीसीआई अंडर-23 सीके नायडू ट्रॉफी मुकाबले में राजस्थान ने बिहार के खिलाफ पहली पारी 8 विकेट पर 552 रन बनाकर घोषित की। सलामी बल्लेबाज के शतक के बाद कप्तान मुकुल चौधरी, करण सिंह, नावेद खान और अव्यांश सिंह ने अर्धशतक लगाए। मुकुल चौधरी ने 54, करण सिंह ने 53, नावेद खान ने 60 और अव्यांश सिंह ने 54 रन बनाए। बिहार के राहुल, सुधांशु और आदित्य ने 2-2 विकेट लिए। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक बिहार ने पहली पारी में 2 विकेट पर 129 रन बना लिए थे। पवन राय 62 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि धीरज ने 26 और मोहम्मद आलम ने नाबाद 27 रन बनाए। राजस्थान के हनी प्रताप सिंह और अभिषेक मूंड ने 1-1 विकेट लिया। महिला टी- 20 में आंध्र ने राजस्थान को हराया बीसीसीआई सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में राजस्थान को आंध्र के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 118 रन बनाए। संगीता कुमावत ने 41, तनिका शर्मा ने 33 और सुमन मीणा ने नाबाद 21 रन बनाए। जवाब में आंध्र ने 5 विकेट पर 121 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। राजस्थान की ओर से शानू सेन और सुमन मीणा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि हैप्पी कुमारी को 1 विकेट मिला।