राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग शुरु हो गई है। जयपुर जिले में 5 पंचायत समितियों के 77 और जिला परिषद के 11 वार्डों में वोटिंग करवाई जा रही है। वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई, जो देर शाम 6 बजे तक चलेगी। इन चुनावों में कुल 264 उम्मीदवार मैदान में है। जिला परिषद के कुल 11 वार्डो में 32 उम्मीदवार है, जबकि 5 पंचायत समितियों के 77 वार्डो में कुल 232 उम्मीदवार मैदान में है। जिनके भाग्य का फैसला आज ईवीएम में बंद होगा। वोटिंग के बाद चुनाव ईवीएम मशीनें देर रात तक जयपुर में भवानी निकेतन परिसर लाई जाएगी। जहां 20 नवंबर को इन वोटों की गणना करके रिजल्ट जारी किया जाएगा। 3.74 लाख से ज्यादा वोटर्स जयपुर जिला निर्वाचन शाखा ने इन पंचायत समितियों में वोटिंग के लिए 442 पोलिंग बूथ बनवाए है। जिन पर कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता वोटिंग करेंगे। इसमें 1 लाख 93 हजार 206 पुरुष, 1 लाख 81 हजार 609 महिला तथा एक ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इन पंचायत समितियों में चुनाव पंचायत समिति चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर में वोटिंग हो रही है। जबकि इन्हीं पंचायत समिति क्षेत्रों में आ रहे जिला परिषद वार्ड संख्या 27 से 37 में भी वोटिंग करवाई जा रही है। 5 नवंबर को होंगे सरपंच के चुनाव इन सभी पंचायत समितियों में आने वाली 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच, वार्ड पंच के चुनाव 5 नवंबर को होंगे। नामांकन प्रक्रिया 4 नवंबर को होने के बाद 5 नवंबर को वोटिंग होगी और उसी दिन देर रात तक परिणाम घोषित किए जाएंगे। चाकसू पंचायत में 32 ग्राम पंचायत, कोटखावदा में 27 ग्राम पंचायत, माधोराजपुरा में 25, फागी में 26 और सांगानेर में 23 ग्राम पंचायत है।