राजस्थान पुलिस ने गुरुवार को 77वां स्थापना दिवस मनाया। सुबह राज्य स्तरीय परेड हुई। परेड की सलामी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ली। सीएम ने सेरेमोनियल परेड का निरीक्षण करने के साथ ही शहीदों को श्रद्वांजलि दी। इस अवसर पर सीएम ने पुलिस कर्मियों के लिए पहले चरण में 500 आवास बनाने, स्पोर्ट्स-वेलफेयर व उत्सव फंड में 5 करोड़ का अतिरिक्त प्रावधान और प्रशिक्षण क्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण संस्थानों में 100-100 व्यक्तियों की क्षमता वाली 5 बैरक बनाने की घोषणा की। दो साल के आपराधिक आंकड़ों पर चर्चा करते हुए बोले, पुलिस की सक्रियता से 18.77 प्रतिशत अपराध गिरा है। इस दौरान सीएम ने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक विशेष पोर्टल और मोबाइल एप लॉन्च की। समारोह में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास, डीजीपी राजीव शर्मा सहित 6 रिटायर्ड डीजीपी भी शामिल हुए। वहीं शाम को आरपीए में सास्कृतिक कार्यक्रम और बड़े खाने का आयोजन हुआ। एडीजी सहित 6 अफसरों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट पदक सीएम भजनलाल शर्मा ने एडीजी बीजू जॉर्ज जोसफ, एडीजी बिपिन कुमार पाण्डेय, इंस्पेक्टर अनिल कुमार, एसआई सीताराम भाकल, गिरधारीलाल व एएसआई गोविंदराम को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक देकर सम्मानित किया। सीएम ने कहा- 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों पर कमेटी करेगी फैसला मुख्यमंत्री ने कहा कि पदोन्नति और वेतनमान से जुड़े मामलों के लिए उच्चस्तरीय समिति गठन का फैसला लिया है। यह कमेटी आठवें वेतन आयोग की सिफारिश पर भी विचार करेगी। मुख्यमंत्री ने सचिवालय सेवा अधिकारी संघ के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कर्मचारी ‘मिशन कर्मयोगी’ से अपनी कार्यकुशलता व क्षमता बढ़ाएं। उन्होंने नव निर्वाचित अध्यक्ष अभिमन्यु शर्मा और कार्यकारिणी को शपथ दिलवाई। समारोह में जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी व मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सचिवालय में सहायक सचिव के 15 नए पद बनेंगे सीएम ने सचिवालय में सहायक सचिव स्तर के 15 पद बढ़ाने की घोषणा की है। कहा कि सचिवालय में सहायक सचिव स्तर के 15 नए पद बनाए थे। अब 15 और पद सृजित किए जाएंगे।