अपराधों की सटीक, निष्पक्ष और गहन जांच में उत्कृष्ट कार्य के लिए राजस्थान के सात पुलिस अधिकारियों को साल-2026 का केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक मिलेगा। इनमें राजस्थान कैडर के 6 आईपीएस और एक आरपीएस अधिकारी शामिल हैं। सभी का चयन बेस्ट अनुसंधान श्रेणी में किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से घोषित इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए देशभर के कुल 490 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों का चयन किया गया है। इनमें 26 राज्यों के पुलिस बलों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और विभिन्न केंद्रीय पुलिस संगठनों के अधिकारी भी शामिल हैं। राजस्थान में तैनात केंद्रीय एजेंसियों के कुछ कार्मिकों को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है। तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे पदक केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं। स्पेशल ऑपरेशन श्रेणी में अर्धसैनिक बलों के 358 कार्मिकों, बेस्ट अनुसंधान श्रेणी में केंद्रीय जांच एजेंसियों और राज्यों के पुलिस बलों के 123 अधिकारियों व फॉरेंसिक साइंस श्रेणी में केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) के 9 विशेषज्ञों का चयन हुआ है। चयनित कार्मिकों में सीआरपीएफ, असम राइफल्स, सीबीआई, एनआईए, एनसीबी, सीबीआईसी-डीआरआई और सीएफएसएल से जुड़े अधिकारी भी शामिल हैं। हर साल 31 अक्टूबर को होती है घोषणा यह पदक पुलिस बलों, सुरक्षा संगठनों और फॉरेंसिक विज्ञान से जुड़े कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य तथा उच्च पेशेवर मानकों के लिए दिया जाता है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस पुरस्कार की अधिसूचना 1 फरवरी 2024 को जारी की थी। इसके तहत हर साल सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती यानी 31 अक्टूबर को पदक पाने वालों के नाम घोषित किए जाते हैं।