राजस्थान प्रबोधक संघ ने प्रबोधकों के द्वितीय एसीपी स्वीकृति आदेश जारी करने की मांग को लेकर करौली में जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। अधिकारी ने 20 नवंबर के बाद आदेश जारी करने का आश्वासन दिया। संघ पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय, प्रारंभिक शिक्षा मुनेश कुमार मीना को ज्ञापन दिया। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2008 में नियुक्त प्रबोधकों की 18 साल की सेवा अक्टूबर 2026 में पूरी हो चुकी है। ऐसे में उन्हें द्वितीय एसीपी का लाभ मिलना है। पदाधिकारियों के मुताबिक, प्रबोधक शाला दर्पण पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। उन्होंने नौ साल की एसीआर भी कार्यालय में जमा कराई है, लेकिन अब तक स्वीकृति आदेश जारी नहीं हुए। उनका कहना है कि दूसरे जिलों में आदेश जारी हो चुके हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि चुनावी काम में कर्मचारियों की व्यस्तता के कारण प्रक्रिया लंबित है। उन्होंने कहा कि संबंधित अनुभाग प्रभारी और लेखाकार से ऑनलाइन आवेदनों की जांच कराई जाएगी। इसके बाद 20 नवंबर के बाद एसीपी स्वीकृति आदेश जारी किए जाएंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में संघ संयोजक गंगाराम प्रजापत, जिलाध्यक्ष रतन चतुर्वेदी, प्रदेश मंत्री कांतिकिशोर लवानिया, उपाध्यक्ष विंजयराम मीना और प्रदेश उपाध्यक्ष अमृतलाल छाबड़ा शामिल थे।