नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर श्रीगंगानगर से है। यहां दीपावली के त्योहार पर खपाने के लिए तैयार 16 हजार लीटर से ज्यादा नकली घी पकड़ा गया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें 1. गोविंददेवजी मंदिर के महंत का साइलेंट अटैक से निधन जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी (77) का रविवार को निधन हो गया। दोपहर करीब 12 बजे साइलेंट अटैक आने के बाद उन्हें दुर्लभजी हॉस्पिटल लेकर गए, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। महंत अंजन कुमार गोस्वामी गौड़ीय वैष्णव संप्रदाय परंपरा से जुड़े थे। पूरी खबर पढ़ें 2. मेडिकल कॉलेज में रैगिंग, बाल काटे, गालियां दी बाड़मेर मेडिकल कॉलेज में MBBS फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट्स से रैगिंग की गई। व्हाइट हाउस में जूनियर स्टूडेंट्स के बाल काटे गए। सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट शेयर करने की बात सामने आई है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच के बाद 15 छात्राओं समेत 80 सीनियर स्टूडेंट के खिलाफ कार्रवाई की गई। पूरी खबर पढ़ें 3. 16 हजार लीटर से ज्यादा नकली घी पकड़ा श्रीगंगानगर में दीपावली के त्योहार पर खपाने के लिए तैयार 16 हजार लीटर से ज्यादा नकली घी पकड़ा गया है, जिसकी कीमत करीब 1.23 करोड़ रुपए है। पुलिस ने गोदाम से 3.50 लाख रुपए भी जब्त किए। जांच में सामने आया कि नकली घी गुजरात से आया था और यहां अलग-अलग ब्रांड के नाम से पैकिंग की गई थी। पूरी खबर पढ़ें 4. 8 महीने की बेटी को जमीन पर पटक कर मार डाला करौली जिले के हिंडौन में पिता ने अपनी 8 महीने की बेटी को जमीन पर पटक कर मार डाला। इसके बाद उसने थाने जाकर 4 चचेरे भाइयों और उनकी पत्नियों के खिलाफ परिवार से मारपीट और बेटी की हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने रविवार को आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पूरी खबर पढ़ें 5. दमकल से भिड़ा ट्रेलर, 2 फायरमैन जिंदा जले उदयपुर के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर ट्रेलर से भिड़ंत के बाद दमकल में आग लग गई। हादसे में 2 फायरमैन जिंदा जल गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की हड्डियां तक जल गईं। हाईवे पर 1 घंटे तक 1 किलोमीटर लंबा जाम रहा। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. घर के बाहर बैठी महिला पर लेपर्ड ने किया हमला बांसवाड़ा जिले के सूरजकुंड गांव में घर के बाहर बैठकर चाय पी रही बुजुर्ग महिला पर लेपर्ड ने हमला कर दिया। लेपर्ड ने महिला का चेहरा बुरी तरह नोच लिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन आए तो लेपर्ड जंगल में भाग गया। महिला के शरीर पर कुल 50 टांके आए हैं। पूरी खबर पढ़ें 7. सड़क किनारे खड़े 3 दोस्तों को ट्रॉले ने कुचला बांसवाड़ा जिले में नेशनल हाईवे-56 पर सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे 3 दोस्तों को ट्रॉले ने कुचल दिया। तीनों को गंभीर हालत में हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मरने वाला एक युवक 8 बहनों का इकलौता भाई था। पूरी खबर पढ़ें 8. सिक्योरिटी तोड़कर स्टेज पर चढ़ा स्टूडेंट, चीख पड़ीं सिंगर जयपुर में आगरा रोड स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा ने लाइव परफॉर्मेंस दी। इस दौरान एक स्टूडेंट सिक्योरिटी तोड़कर स्टेज पर आ गया, जिसके कारण सुनंदा शर्मा डर गई और चीख पड़ी। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभाली। कुछ देर के लिए कॉन्सर्ट रोकना पड़ा। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. सड़क पर 2 जहरीले सांपों के बीच लड़ाई कोटा जिले के मंडाना कस्बे में साइलेंट किलर' कॉमन करैत सांपों के बीच सड़क पर लड़ाई देखने को मिली। दोनों का रेस्क्यू कर एक बड़े डिब्बे में सुरक्षित रखा गया, लेकिन एक सांप दूसरे को निगल गया। दोनों सांपों की लंबाई करीब डेढ़ से दो फीट थी। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास 10. समर्थन मूल्य पर फसल खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू राजस्थान में 2 नवंबर से MSP पर मूंग और मूंगफली जैसी फसलों की खरीद के लिए किसानों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू होगा।