राजस्थान में आसमान साफ रहने और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से दिन में वापस हल्की गर्मी शुरू हो गई है। दिवाली से पहले दिन का तापमान एक बार फिर 37 डिग्री को पार कर गया है। बुधवार को पश्चिमी राजस्थान के शहरों में सबसे ज्यादा गर्मी रही। हालांकि, रात के तापमान में भी गिरावट हुई। सीकर का फतेहपुर हिल स्टेशन माउंट आबू से ज्यादा ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के करीब रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने राज्य में दीपावली तक मौसम साफ रहने और इसी तरह गर्मी-सर्दी रहने का अनुमान जताया है। रात में हल्की सर्दी, फतेहपुर सबसे ठंडा भले ही सर्दी का सीजन शुरू हो गया हो, लेकिन अब भी तापमान सामान्य से ऊपर ही दर्ज हो रहा है। इस कारण कई शहरों में फिलहाल हल्की सर्दी ही है। टोंक, भीलवाड़ा, सीकर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, नागौर, करौली, फतेहपुर और माउंट आबू को छोड़कर शेष शहरों का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही दर्ज हुआ। रात में सबसे ज्यादा ठंडक फतेहपुर में रही, जहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। राजस्थान के बड़े शहरों में मौसम का हाल जयपुर: राजधानी में बुधवार दिनभर मौसम साफ रहा और धूप रही। तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने से गर्मी महसूस हुई। अधिकतम तापमान 1.6 डिग्री चढ़कर 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि शाम को हल्की ठंडक रही। रात में यहां न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उदयपुर: बुधवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा था। कोटा: बुधवार को आसमान साफ रहा हल्की धूप खिली रही। हालांकि अधिकतम तापमान 1 डिग्री बढ़कर 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 1 डिग्री लुढ़कर 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के पहले सप्ताह में मौसम साफ रहेगा रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। अजमेर:मौसम में बदलाव के साथ सुबह और शाम को ठंड बढ़ने लगी है। सुबह के समय कोहरा छाने से मौसम सर्द महसूस हो रहा है। वहीं, शाम होते ही ठंडक का असर बढ़ने लगा है। बुधवार को अजमेर में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलवर: नवंबर के पहले सप्ताह में मौसम हल्का ठंडा है। बुधवार को कई इलाकों में हल्का कोहरा भी रहा। हालांकि सुबह से ही धूप खिलने के बाद मौसम साफ हो गया। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम साफ रहने का अनुमान है। सीकर: नवंबर के पहले सप्ताह में मौसम सामान्य बना हुआ है। बुधवार सुबह ग्रामीण इलाकों में हल्की ठंड का असर रहा। सुबह से ही धूप खिलने के बाद मौसम साफ हो गया। अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी अभी सुबह-शाम हल्की ठंड और दोपहर में गर्मी रहेगी। जोधपुर: बुधवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। शहर के अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। न्यूनतम तापमान में गिरावट से सर्दी बढ़ी है।