बीहड़ों के शहर धौलपुर का रजत बघेल अंडर 19 एशिया कप में टीम इंडिया की जर्सी पहनकर खेलता नजर आएगा। युवा नए चेहरों से सजी टीम में राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे भी चयनित हुए हैं। रजत बघेल के सलेक्शन के पीछे कोच और गुरु सोमेंद्र तिवारी की जिद है कि क्रिकेट को शौक नहीं, कॅरियर बनाना है। आज धौलपुर की बडी फील्ड से खेलकर 50 से ज्यादा क्रिकेट खिलाड़ी को इंडिया लेवल का प्लेटफार्म दिलाया है। जिसमें एशिया कप के लिए अंडर-19 टीम इंडिया में चयनित हुए रजत बघेल ने इस सफलता की कहानी में सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है। धौलपुर के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि कभी क्रिकेट के बड़े मंच पर यहां के खिलाड़ियों की मौजूदगी गिनती की होती थी, लेकिन अब यहां की प्रतिभाएं लगातार राजस्थान से लेकर भारतीय टीम तक अपनी जगह बना रही हैं। वहीं हाल ही अंडर 16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए हर्षित यादव का राजस्थान टीम में चयन होना कोच की मेहनत की कहानी को बयां करता है। तनवीर बांटता था अखबार, रजत के पिता मंदिर के बाहर बेचते हैं प्रसाद.... कोच सोमेंद्र तिवारी ने बडी फील्ड में जब तनवीर उल हक को गेंद फेंकते देखा तो पहली नजर में उन्होंने उसे पहचान लिया कि ये एक दिन रणजी खेलेगा। क्रिकेट खेलना तो दूर घर की आर्थिक हालत माली थी, अखबार बांटकर, फुटपाथ पर कपड़े बेचकर तनवीर घर का खर्चा चलाता था, पिता दर्जी थे। कोच सोमेंद्र ने कोचिंग देकर मदद की और कई सीजन रणजी खेलकर अपना कॅरियर बनाकर संपन्न हैं। वहीं एशिया कप के लिए चयनित रजत के पिता बाबा विशनगिरी के बाहर प्रसाद की ढकेल लगाते हैं। रजत धौलपुर में अपनी बुआ के पास रहता है, जो कोच की मेहनत से साकार होता दिखाई दे रहा है। तनवीर तब मीडियम पेसर राजस्थान के लिए खूब विकेट चटकाए थे और रजत बघेल विकेटकीपर बैट्समैन है। .ये पहन चुके इंडिया से लेकर रणजी की जर्सी... कोच सोमेंद्र तिवारी की मेहनत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनके प्रशिक्षण से निकले दर्जनभर खिलाड़ी सीनियर इंडिया से लेकर अंडर-19 टीम इंडिया तक खेल चुके हैं। वहीं करीब 20 खिलाड़ी अंडर-14 और अंडर-16 राजस्थान टीम का हिस्सा बनकर आगे बढ़ रहे हैं। अंडर 19 इंडिया खेले खिलाडी राहुल चाहर, विवेक यादव, रजत बघेल, सीनियर इंडिया में दीपक चाहर, राहुल चाहर। रणजी ट्रॉफी में तनवीर, अमित, तेजेंद्र सिंह, राहुल चाहर, दीपक चाहर सहित चार खिलाडी ईरानी ट्रॉफी, शेष भारत और बोर्ड प्रेसीडेंट टीम में खेल चुके हैं। इसके अलावा नेशनल प्लेयर में रविमोहन त्रिवेदी, दिलशाद, मोहसिन खान, राहुल शर्मा, मोहित शर्मा, राहुल तोमर, विनायक समेत 40 खिलाडी शामिल हैं। वहीं चार खिलाडी तरण कुमार, सुजल परमार, हर्ष, रजत बघेल एनसीए इंडिया कैंप अटेंड कर चुके हैं। वहीं अंडर 14 व अंडर 16 में 20 से अधिक खिलाड़ी धौलपुर से राजस्थान टीम में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।