देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सोमवार की शाम दो दिवसीय दौरे पर जैसलमेर पहुंचे। वे मंगलवार सुबह रक्षा मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में भारतीय सेना को और मजबूत बनाने, नए तकनीकी उपकरणों के इस्तेमाल, सेना की मौजूदा ताकत और भविष्य में आने वाली सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही पाकिस्तान से लगती पश्चिमी सीमा की सुरक्षा तैयारियों और सीमावर्ती इलाकों में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी। बैठक में शामिल होने के लिए कई सांसद और सेना के अधिकारी भी जैसलमेर पहुंचे हैं। बैठक के बाद रक्षामंत्री वापस रवाना होंगे। विशेष विमान से जैसलमेर एयरपोर्ट पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सोमवार शाम करीब 5:30 बजे विशेष विमान से जैसलमेर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल, एसपी अभिषेक शिवहरे और सेना के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से वे सीधे शहर स्थित होटल फोर्ट रजवाड़ा पहुंचे, जहां रात को उनका ठहराव भी रहेगा। सेना की ताकत और नई तकनीक पर होगी चर्चा मंगलवार सुबह रक्षा मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित होगी। इसमें सेना के आधुनिकीकरण पर खास तौर पर चर्चा की जाएगी। सेना में नए तकनीकी उपकरणों को शामिल करने, आधुनिक हथियारों और तकनीक के इस्तेमाल से सेना की ताकत बढ़ाने जैसे विषय बैठक में रखे जाएंगे। इसके साथ ही आने वाले समय में देश की सुरक्षा के सामने खड़ी होने वाली चुनौतियों और उनसे निपटने की तैयारियों पर भी विचार होगा। पश्चिमी सीमा पर सेना की सुरक्षा व्यवस्था, मौजूदा तैयारियों और सीमावर्ती इलाकों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ली जाएगी। सांसदों और सेना के अधिकारियों का पहुंचना जारी बैठक में शामिल होने के लिए कई सांसद और सेना के अधिकारी जैसलमेर पहुंच चुके हैं। बैठक में रक्षा से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति और वहां चल रहे कामों की समीक्षा की जाएगी। बैठक पूरी होने के बाद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह जैसलमेर से वापस रवाना हो जाएंगे।