पंचायत चुनाव के दौरान टहला थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुर बड़ा में सरकारी कर्मचारियों पर पथराव करने और सरकारी व अन्य वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में सोमवार को इन्हें पेश कर जेल भेज दिया गया। एसपी सुधीर चौधरी ने बताया- राजपुर बड़ा में चुनाव के दौरान हुए उपद्रव, पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एएसपी (मुख्यालय) डॉ. दीपक कुमार और एएसपी (ग्रामीण) डॉ. प्रियंका रघुवंशी के निर्देशन तथा सीओ राजगढ़ देशराज कुलदीप के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों का गठन कर पथराव करने वालों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। हारे हुए प्रत्याशी और समर्थकों ने जताया था विरोध आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद विशिष्ठ लोक अभियोजक ने बताया- 31 अक्टूबर को राजपुरबड़ा में सरपंच के चुनाव में काउंटिंग के बाद हारे हुए प्रत्याशी और उनके समर्थकों का विरोध हुआ था। इसके बाद रिकाउंटिंग हुई। उसमें अंजना देवी जीत गई। इसके बाद भी हारे हुए प्रत्याशी अशोक सैनी ने विरोध जताया। प्रशासन ने समझाइश के भी प्रयास किए, लेकिन अगले दिन उप-सरपंच के चुनाव के दिन पुलिस और पोलिंग पार्टी पर पथराव कर दिया। इससे सरकारी वाहनों में भी तोड़फोड़ हो गई। कई पुलिस अधिकारी घायल हो गए। ये आरोपी हुए गिरफ्तार संजय कुमार सैनी (29) निवासी चीलकीबावड़ी, ओमप्रकाश सैनी (55) निवासी मालीबास राजपुरबड़ा, रामकिशन (40) निवासी राजोरिया की ढाणी राजपुरबड़ा, दीनदयाल सैनी (35) निवासी मालीबास राजपुरबड़ा, महेश चन्द शर्मा (42) निवासी राजपुरबड़ा, लहरीराम माली (65) निवासी भैरूजी का स्थान राजपुरबड़ा, लोकेश शर्मा (26) निवासी बस स्टैंड राजपुरबड़ा, कैलाश रैबारी (33) निवासी बस स्टैंड राजपुरबड़ा, खेमचन्द सैनी (25) निवासी भोपा का बास राजपुरबड़ा, संतोष कुमार सैनी (27) निवासी आसियाना विलेज राजपुरबड़ा, महेन्द्र सैनी (29) निवासी शिवनगर राजपुरबड़ा, पवन कुमार शर्मा (40) निवासी राजगढ़ गेट मालाखेड़ा, महेन्द्र कुमार शर्मा (44) निवासी पुरोहित पेटा मालाखेड़ा, बाबूलाल सैनी (55) निवासी चीलकी बावड़ी, लक्ष्मण प्रसाद सैनी (56) निवासी मालीबास राजपुरबड़ा, शैलेन्द्र कुमार उपाध्याय (34) निवासी बस स्टैंड राजपुरबड़ा और अनिल कुमार शर्मा (29) निवासी बस स्टैंड राजपुरबड़ा को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में नामजद अन्य उपद्रवियों और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम इस पूरी कार्रवाई में लक्ष्मणगढ़ सीओ नगेंद्र सिंह, टहला थानाधिकारी मुकेश कुमार (पु.नि.), राजगढ़ थानाधिकारी नेकीराम (पु.नि.), रैणी थानाधिकारी बनेसिंह (उ.नि.) मय पुलिस टीम, टहला थाना जाब्ता और जिला अलवर की क्यूआरटी (QRT) टीम की विशेष भूमिका रही।