राजसमंद में भाटोली ग्राम पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध बजरी खनन को लेकर नवनिर्वाचित सरपंच रमेश देराश्री ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बजरी माफियाओं को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र में अवैध बजरी दोहन का कारोबार तत्काल बंद करें, अन्यथा संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करवाकर कानूनी कार्रवाई करवाई जाएगी। सरपंच ने बताया कि अवैध खनन के चलते श्मशान घाट, स्कूल मैदान और गांव के पेयजल कुएं के आसपास बड़े-बड़े गहरे खड्डे खोद दिए गए हैं। इससे सार्वजनिक स्थलों को नुकसान पहुंच रहा है। वहीं, भविष्य में भूजल स्तर प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है। ऐसे में ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो सकता है। देराश्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खनिज विभाग के अधिकारियों को भी शिकायत दी है। उन्होंने लीजधारकों को भी चेताया कि अवैध बजरी दोहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंचायत क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों और ग्रामीणों की पेयजल व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाई जाएगी।