NDPS एक्ट के मामले में 2 साल से फरार चल रहे आरोपी को राजसमंद की चारभुजा थाना पुलिस ने बुधवार को पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। आरोपी पर 5 हजार रुपए का इनाम था। चारभुजा पुलिस के मुताबिक- आरोपी मुकेश विश्नोई (20) पुत्र देवाराम जोधपुर के डांगियावास थाना इलाके के बिरामी गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ चारभुजा थाने में 2024 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 25 में केस दर्ज किया गया था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। मुकेश की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। चारभुजा थाना पुलिस की टीम ने उसे मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन से डिटेन कर गिरफ्तार किया। स्पेशल अभियान जारी राजसमंद एसपी हेमंत कलाल के निर्देशन में जिलेभर में फरार वांटेड अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चल रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार पारीक और कुंभलगढ़ वृत्ताधिकारी जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में चारभुजा थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि फरार एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।