राजसमंद में दीपावली पर राजीविका से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए जिला मुख्यालय सहित सभी ब्लॉकों में स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से तैयार दीपावली से जुड़ी उपहार सामग्री बिक्री के लिए रखी गई है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट के बाहर लगे स्टॉल पर कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा और जिला परिषद CEO ब्रजमोहन बैरवा पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने महिलाओं के उत्पाद खरीदे और उनका उत्साहवर्धन किया। लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, नमकीन और मिठाई तैयार की कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने बताया कि जिले में करीब एक लाख महिलाएं राजीविका से जुड़ी हुई हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने दीपावली के लिए लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, नमकीन, मिठाई सहित कई तरह की उपहार सामग्री तैयार की है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि दीपावली पर महिलाओं की ओर से बनाए गए उत्पादों की खरीदारी करें। इससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और स्वदेशी उत्पादों को भी बढ़ावा मिलेगा। राजीविका से मिला उत्पाद बेचने का मंच भीम ब्लॉक से आई महिला लीना देवी ने बताया कि वह अलग-अलग तरह की पेंटिंग और पूजा थालियां बनाती हैं। राजीविका के माध्यम से उन्हें अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर मंच मिला है। वहीं, जिला परियोजना प्रबंधक गजेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों में महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल लगवाए गए हैं।