मोही | राजसमंद जिला खो-खो संघ की ओर से 45वीं राज्य स्तरीय जूनियर बालक-बालिका खो-खो प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता रविवार को होगी। चयन प्रतियोगिता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पीपली अहिरान में सुबह 10 बजे शुरू होगी। संघ अध्यक्ष नानालाल कुमावत ने बताया कि जिले के इच्छुक खिलाड़ी, जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम है, तय समय पर पहुंचकर चयन में भाग ले सकते हैं। चयनित खिलाड़ी चित्तौड़गढ़ के सांवरिया में 10 से 12 नवंबर तक होने वाली 45वीं राज्य स्तरीय जूनियर बालक-बालिका खो-खो प्रतियोगिता में राजसमंद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। संघ सचिव सोहनलाल पूर्बिया ने बताया कि चयन में आने वाले खिलाड़ी आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज के दो फोटो साथ लाएं। टीम का चयन संघ उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय खो-खो प्रशिक्षक महेंद्र कुमार दूरियां और बाबूलाल कीर करेंगे। सोहनलाल पुरबिया ने बताया कि चयन के लिए खो-खो मैदान की तैयारी पूरी कर ली गई है।