कोटा खाद्य विभाग ने दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिलावट के खिलाफ छापेमार कार्रवाई की है। खाद्य विभाग ने मिठाई और मावे की दुकानों पर छापेमारी कर 1920 किलोग्राम सोहन केक सीज किया है। कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने अलग-अलग दुकानों से 6 खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए नमूने लैब भेजे जाएंगे। ये कार्रवाई रामगंजमंडी और सिंधी कॉलोनी में की गई। 48 कार्टन में करीब 1920 किलो सोहन केक मिला खाद्य सुरक्षा टीम ने 31 अक्टूबर को किशोरपुरा थाना अधिकारी चेतन शर्मा से मिली सूचना पर सिंधी कॉलोनी स्थित दुकान नंबर 187 का औचक निरीक्षण किया। यहां 48 कार्टन में करीब 1920 किलो सोहन केक मिला। माल के स्वामी जमुना शंकर ने इसका निर्माण बूंदी जिले के नमाना गांव में करना बताया। टीम ने अलग-अलग लॉट से 2 नमूने लेकर शेष 1916 किलो सोहन केक सीज कर दिया। इसके अलावा रामगंजमंडी में करीब एक दर्जन मावा और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया गया। यहां मावा, बर्फी और मलाई बर्फी के 4 नमूने लिए गए। सभी 6 नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। विभाग ने दुकानदारों को दिए साफ-सफाई के निर्देश कार्रवाई सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर के सुपरविजन में की गई। खाद्य सुरक्षा दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप अग्रवाल, अरुण सक्सेना, चंद्रवीर सिंह जादौन, मोजीलाल कुंभकार, रोहित गुप्ता और दिव्या संत सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। विभाग ने दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए हैं।