जैसलमेर से काठगोदाम जाने वाली रानीखेत एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों को अब स्टेशन पर 25 मिनट पहले पहुंचना होगा। रेलवे ने ट्रेन संख्या 15013 जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस की समय-सारणी में बदलाव किया है। नई समय-सारणी 16 नवंबर से लागू होगी। इसके तहत ट्रेन जैसलमेर से रात 2:40 बजे के बजाय अब 2:15 बजे रवाना होगी। वहीं पोकरण में ट्रेन सुबह 3:35 बजे पहुंचेगी और 3:55 बजे रवाना होगी। जोधपुर, फलोदी और रामदेवरा में भी बदलेगा समय नई समय-सारणी के अनुसार रामदेवरा, फलोदी, लोहावट, जोधपुर, लूनी, पाली मारवाड़ और मारवाड़ जंक्शन सहित कई स्टेशनों पर ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के समय में बदलाव किया गया है। इससे इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी नए समय के अनुसार अपनी यात्रा की तैयारी करनी होगी। 4 नवंबर से जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस का भी बदलेगा समय रेलवे ने ट्रेन संख्या 14821 जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस और 14822 साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस की समय-सारणी में भी आंशिक बदलाव किया है। ट्रेन संख्या 14821 जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस 4 नवंबर से श्री अमीरगढ़ तक पुराने समय के अनुसार चलेगी। इसके बाद सरोत्रा रोड से गांधीग्राम के बीच समय में बदलाव होगा। गांधीग्राम स्टेशन पर अब यह ट्रेन रात 9:15 बजे पहुंचेगी, जबकि पहले इसका समय रात 9 बजे था। इसी तरह ट्रेन संख्या 14822 साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस मारवाड़ जंक्शन पर अब दोपहर 3:20 बजे पहुंचेगी और 3:25 बजे रवाना होगी। पहले इसके पहुंचने का समय 3:15 बजे और रवाना होने का समय 3:20 बजे था। जोधपुर पहुंचने का समय भी शाम 6:10 बजे से बदलकर 6:25 बजे कर दिया गया है। काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस का भी बदलेगा समय ट्रेन संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस की समय-सारणी में भी बदलाव किया गया है। इसके जयपुर से मारवाड़ जंक्शन के बीच समय में संशोधन हुआ है। ट्रेन अब मारवाड़ जंक्शन पर दोपहर 2:40 बजे पहुंचेगी और 3:10 बजे रवाना होगी।