भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत रणजीतपुरा में जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को रिश्वतखोरी के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया और उन्हें किसी भी परिस्थिति में रिश्वत नहीं देने का संकल्प दिलाया गया। अभियान का समापन पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ वृक्षारोपण से हुआ। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान के निर्देश पर यह अभियान एएसपी (एसीबी) सुधा पालावत के निर्देशन में आयोजित किया गया। एसीबी अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश तभी संभव है, जब आमजन इसके खिलाफ खुलकर सामने आएं। उन्होंने अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी सूचना तुरंत एसीबी को दी जानी चाहिए। अभियान के दौरान एएसआई खियाराम, हेड कॉन्स्टेबल विजय सिंह, ओम सोनी और संजय जाखड़ ने ग्रामीणों को एसीबी की ट्रैप कार्रवाई, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलने पर एसीबी नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करती है और शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है, जिससे लोग बिना किसी भय के भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा सकें। एसीबी टीम ने लोगों से अपील की कि वे सरकारी कार्यों के लिए किसी भी प्रकार की अवैध राशि का भुगतान न करें। रिश्वत मांगने की किसी भी घटना की सूचना तत्काल एसीबी हेल्पलाइन 1064 अथवा व्हाट्सएप नंबर 94135-02834 पर उपलब्ध कराएं। अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त और जवाबदेह प्रशासन के निर्माण में आमजन की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत रणजीतपुरा की सरपंच दीपिका, जल उपभोक्ता संगम अध्यक्ष राजेंद्र, समाजसेवी लूणाराम पूनिया, राजू सहारण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।