रणथंभौर टाइगर रिजर्व की फलौदी रेंज के टोडरा क्षेत्र में आबादी के आसपास लेपर्ड की लगातार गतिविधियों और हमले की घटनाओं के बाद वन विभाग ने बुधवार, 4 नवंबर को रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने शाम 4 बजे लेपर्ड को सुरक्षित कैप्चर कर लिया। इससे पहले 29 अक्टूबर को लेपर्ड ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। वहीं, 1 नवंबर की सुबह इसी क्षेत्र में एक गाय पर हमले की सूचना मिली थी। लगातार घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई थी। टोडरा क्षेत्र से रेस्क्यू कर लेपर्ड पकड़ा रणथंभौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि 29 अक्टूबर को टोडरा क्षेत्र में लेपर्ड ने एक महिला पर हमला कर दिया था। इस घटना में महिला घायल हो गई थी। इसके बाद 1 नवंबर की सुबह इसी इलाके में लेपर्ड ने एक गाय पर हमला किया। लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। आबादी क्षेत्र में लेपर्ड की मौजूदगी से लोगों और पशुधन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। केज ट्रैप लगाकर लगातार रखी निगरानी मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इसके तहत रेस्क्यू स्क्वॉड और फलौदी रेंज की टीम ने आपसी समन्वय से लेपर्ड को पकड़ने के प्रयास किए। क्षेत्र में केज ट्रैप लगाए गए और लगातार निगरानी रखी गई। बुधवार शाम 4 बजे चलाए गए रेस्क्यू अभियान में टीम ने लेपर्ड को सुरक्षित कैप्चर कर लिया। पहले भी पकड़े जा चुके हैं करीब 5 लेपर्ड डीएफओ मानस सिंह के अनुसार, वन विभाग इससे पहले भी इस इलाके से करीब 5 लेपर्ड को पकड़ चुका है। इसके बावजूद क्षेत्र में लेपर्ड का मूवमेंट लगातार बना हुआ है।