नीट-यूजी 2026 में शामिल होने जा रहे दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने स्क्राइब रजिस्ट्रेशन पोर्टल शुरू कर दिया है। यह सुविधा उन विद्यार्थियों के लिए है, जिन्होंने आवेदन के समय परीक्षा में स्वयं का स्क्राइब (लेखक) साथ लाने का विकल्प चुना था। शिक्षा विशेषज्ञ देव शर्मा ने बताया कि न्यायालय के दिशा-निर्देशों के तहत संचालित इस प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को 21 अप्रैल की रात 11:50 बजे तक पोर्टल पर विवरण अपलोड करना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के लिए विद्यार्थियों को अपने एप्लीकेशन नंबर व पासवर्ड से लॉगिन कर रजिस्टर स्क्राइब डिटेल्स विकल्प पर जाना होगा। यहां स्क्राइब की जानकारी भरने और सबमिट करने के बाद विवरण अभ्यर्थी के कन्फर्मेशन पेज पर प्रदर्शित होगा। बिना सफल रजिस्ट्रेशन के परीक्षा केंद्र पर स्क्राइब के साथ प्रवेश नहीं मिल सकेगा।