भास्कर न्यूज | बाड़मेर बाड़मेर जिला मुख्यालय पर गुरुवार को ढाणी बाजार में नाकोड़ा ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी रिखबदास जैन की स्मृति में रिखबदास जैन मार्ग का नामकरण किया गया। इस दौरान विधिवत रूप से धाई देवी जैन एवं अन्य अतिथियों ने नाम-पट्टिका का अनावरण किया। उनके परिवार ने बाड़मेर के विकास एवं समाजसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का भरोसा दिलाया। नामकरण कार्यक्रम के उपरांत आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न प्रबुद्धजनों ने समाजसेवी जैन के योगदान की सराहना बताते हुए कहा कि उन्होंने पांच दशक तक सामाजिक सेवा के जरिए अनूठी मिसाल कायम की। उनके आदर्श विशेषकर युवा पीढ़ी को समाज सेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। इस दौरान पंजाब पुलिस महानिदेशक डा.जितेन्द्र जैन ने रिखबदास जैन के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वे अंतिम समय तक सामाजिक संस्थाओं से जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि जैन ने समाज सेवा के साथ अपने परिवार को बेहतरीन संस्कार दिए। जिनकी बदौलत आज वे कई महत्वपूर्ण पदों पर है। इस दौरान बाड़मेर पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्रसिंह चांदावत, पूर्व विधायक मेवाराम जैन, रतनलाल जैन, द्वारकादास डोसी, लूणकरण बोथरा, कैलाश कोटड़िया, डॉ. बी.एल मंसूरिया, डॉ.आर के माहेश्वरी, डॉ. एस आर भंडारी, डॉ. सचिन मितल, ललित बोथरा आदि ने जैन को श्रद्धांजलि अर्पित की। बाड़मेर. रिखबदास जैन मार्ग का अनावरण करते अतिथि।