रींगस के भैंरूजी मोड़ पर बीटीएस अस्पताल के पास शनिवार को मिक्सर मशीन लगे ट्रक की टक्कर से टायर मिस्त्री उमरदीन कुरैशी (40) की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, उमरदीन पुत्र जहुर खान जयपुर जिले के हिंगोनियां, वाया जोबनेर के निवासी थे। वह करीब 20 साल से रींगस में एन टायर्स नाम से दुकान संचालित कर रहे थे। दुकान के सामने टायर संभालते समय हुआ हादसा हादसे के समय उमरदीन अपनी दुकान के सामने टायर संभाल रहे थे। इसी दौरान रोडी से भरे मिक्सर ट्रक के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चौमू के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाई की रिपोर्ट पर चालक के खिलाफ केस पुलिस ने शव का राजकीय उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। मृतक के भाई अशफाक कुरैशी ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दी है। इस आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।