डूंगरपुर के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बेकाबू डंपर सड़क किनारे घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। हादसे में कमरे में सो रही सुशीला मनात (45) और बेटी राधिका (15) की मौके पर ही मौत हो गई। बेटा महेंद्र और बरामदे में सो रहे पति विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे 927ए पर गलियाकोट पुल के पास शुक्रवार देर रात को हुआ। हादसे के बाद ड्राइवर डंपर छोड़कर फरार हो गया। सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे बांसवाड़ा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा डंपर सागवाड़ा बाइपास पर आईटीआई के पास बेकाबू हो गया। सड़क किनारे बने मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। अचानक हुए इस हादसे से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। डंपर की टक्कर से घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने मलबे और डंपर के बीच फंसे लोगों को निकाला सूचना मिलने पर सागवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर और डंपर के बीच फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और सागवाड़ा अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सुशीला और राधिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विनोद और महेंद्र को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। मां-बेटी के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। ड्राइवर डंपर छोड़कर फरार, गांव में मातम हादसे के बाद डंपर ड्राइवर वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत और पिता-बेटे के गंभीर घायल होने से परिवार में कोहराम मचा है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। …