सलूम्बर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत एक प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान दुकान से करीब 65 किलो दूषित और अवधि पार खाद्य सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही डंप यार्ड में नष्ट करवाया गया। दुकान में बिना लेबल वाले पीपों में खुला घी बेचा जा रहा था। इसमें मिलावट की आशंका के चलते टीम ने घी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। इसके अलावा काजू का नमूना भी लिया गया। जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल ने मेसर्स तेजपाल वर्दी चंद सालगिया प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी मात्रा में दूषित और एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली। इसमें विभिन्न प्रकार के मसाले, टोमेटो केचप, सोया सॉस, पास्ता, तिल का तेल, अचार और डोसा मिक्स सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल थे। टीम ने जनहित में करीब 65 किलो सामग्री को नष्ट करवा दिया। बिना लेबल के पीपों में बेचा जा रहा था खुला घी निरीक्षण के दौरान दुकान में बिना लेबल वाले पीपों में खुला घी बिक्री के लिए रखा मिला। खाद्य सुरक्षा टीम ने घी में मिलावट की आशंका को देखते हुए उसका नमूना लिया। इसके साथ ही प्रतिष्ठान से काजू का सैंपल भी जांच के लिए लिया गया। टीम को आशंका थी कि अवधि पार खाद्य सामग्री को भी ग्राहकों को बेचने की तैयारी की जा रही थी। दुकान में साफ-सफाई नहीं थी खाद्य सुरक्षा दल को निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। प्रतिष्ठान पर फूड परमिशन पत्र भी नहीं लगाया गया था। दुकान में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा अधिकांश खाद्य सामग्री बिना लेबल के रखी और बेची जा रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी निशा मीणा ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत अभिहित अधिकारी की ओर से प्रतिष्ठान को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी करने की कार्रवाई प्रस्तावित की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी निशा मीणा ने बताया कि घी और काजू सहित लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत जिले में खाद्य पदार्थों के निरीक्षण और सैंपल लेने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी निशा मीणा और सहायक शूरवीर सिंह मौजूद रहे।