सलूंबर जिले की चारों पंचायत समितियों में 3 और 5 नवंबर को होने वाले पंचायत राज आम चुनाव के लिए मतदान दलों की रवानगी शुरू हो गई। रविवार को आईटीआई खोलड़ी से कर्मचारियों को अंतिम प्रशिक्षण देकर चुनाव सामग्री सौंपी गई और उन्हें मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। चुनाव में जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत वार्डों के लिए वोट डाले जाएंगे। आईटीआई खोलड़ी से रवानगी शुरू जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ ग्राम पंचायत वार्डों के चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी की हैं। जिले की चार पंचायत समितियों सलूंबर, सेमारी, लसाड़िया और गींगला में 3 और 5 नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए रविवार को आईटीआई खोलड़ी से मतदान दलों की रवानगी की प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान से पहले अंतिम प्रशिक्षण देकर कर्मचारियों को चुनाव सामग्री सौंपी गई। इसके बाद उन्हें तय मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिला परिषद के 12, पंचायत समिति के 60 वार्डों में वोटिंग इस चुनाव में जिला परिषद के 12 वार्ड, चारों पंचायत समितियों के 60 वार्ड और ग्राम पंचायतों के 878 वार्डों में मतदान होगा। जिले की 111 ग्राम पंचायतों के मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। चारों पंचायत समितियों में कुल 2 लाख 58 हजार 831 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 1 लाख 31 हजार 410 पुरुष और 1 लाख 27 हजार 421 महिला मतदाता हैं। वहीं 1,856 दिव्यांग मतदाता भी वोट डालेंगे। 288 बूथों पर होगा मतदान प्रशासन ने जिले में कुल 288 मतदान केंद्र बनाए हैं। इनमें सलूंबर में 77, सेमारी में 76, लसाड़िया में 74 और गींगला में 61 बूथ हैं। सेमारी में 69 मुख्य और 7 सहायक मतदान केंद्र हैं। लसाड़िया में 73 मुख्य और 1 सहायक मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान कराने के लिए रिजर्व सहित कुल 2,023 मतदान कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें सलूंबर के 539, सेमारी के 532, लसाड़िया के 525 और गींगला के 427 कर्मचारी हैं। मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण में निर्वाचन प्रक्रिया, मतपत्रों के उपयोग, मतदान सामग्री के रखरखाव और नियमों की पालना के बारे में विस्तार से बताया गया। 28 अतिसंवेदनशील बूथों पर 444 पुलिस जवान तैनात कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। जिले में कुल 444 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। सलूंबर में 124, सेमारी में 120, लसाड़िया में 116 और गींगला में 84 जवान सुरक्षा संभालेंगे। जिले में 28 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं। इनमें सेमारी और लसाड़िया में 8-8, सलूंबर में 7 और गींगला में 5 बूथ हैं। इन केंद्रों पर विशेष निगरानी रहेगी और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की जाएगी। 30 सेक्टर और 8 एरिया मजिस्ट्रेट रखेंगे नजर मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए कुल 30 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सलूंबर, सेमारी और लसाड़िया में 8-8 और गींगला में 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। वहीं चारों पंचायत समिति क्षेत्रों में कुल 8 एरिया मजिस्ट्रेट भी जिम्मेदारी संभालेंगे। अंतिम प्रशिक्षण के बाद बूथों पर संभालेंगे मोर्चा आईटीआई खोलड़ी में मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद चुनाव सामग्री बांटी गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से कराएं। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और नियमों की पालना सुनिश्चित करें। किसी भी परिस्थिति में धैर्य बनाए रखें। प्रशासन की ओर से बूथों पर बिजली, पेयजल, सुरक्षा, मतदाताओं की कतार और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा सहित जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अब मतदान दल बूथों पर पहुंचकर मोर्चा संभालेंगे। 3 और 5 नवंबर को मतदान के साथ गांवों की सरकार चुनने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। सलूंबर में चुनावी तैयारी एक नजर में -