सलूम्बर जिले के सेमारी थाना क्षेत्र के भौराई फला पोल गांव में मंगलवार सुबह कच्चे मकान की दीवार ढहने से मां-बेटी की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 11:15 बजे हुआ। दोनों मकान की मिट्टी की दीवार के मलबे में दब गईं। सेमारी थाने के एएसआई चंदूलाल ने बताया- ग्रामीणों से सूचना मिली थी भौराई फला पोल गांव में कच्चे मकान की दीवार ढह गई। देवाराम की पत्नी गंगा देवी (36) और उसकी 9 वर्षीय बेटी राधिका उसमें दबी मिलीं। परिजन दोनों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमारी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरेां ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। मृतका के जेठ मनु पुत्र हीरा मीणा ने रिपोर्ट दी कि उसके छोटे भाई देवाराम मीणा का मकान पास ही स्थित है। मंगलवार सुबह मकान की सड़क की तरफ बनी मिट्टी की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाया तो देवाराम की पत्नी गंगा देवी (36) और उसकी 9 वर्षीय बेटी राधिका उसमें दबी मिलीं। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पति अहमदाबाद में करता है नौकरी गंगा देवी गृहिणी थीं, जबकि उनकी बेटी राधिका पढ़ाई कर रही थी। गंगा देवी के पति देवाराम अहमदाबाद में नौकरी करते हैं। परिवार में दंपती के अलावा चार बेटे और तीन बेटियां हैं। हादसे के समय घर में गंगा देवी और बच्चे मौजूद थे।