करौली के सपोटरा में बिजली की डीपी से कॉपर तार और केबल चोरी करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 3 किलो 50 ग्राम कॉपर तार, 25 मीटर केबल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रात में अलग-अलग गांवों की डीपी खोलकर तार और अन्य सामान चुराते थे। 14 अक्टूबर को जयपुर डिस्कॉम सपोटरा के कनिष्ठ अभियंता विनोद कुमार मीणा ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में अज्ञात लोग बिजली की डीपी खोलकर कॉपर तार और सामान चुरा रहे हैं। पुलिस ने विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई। 4 नवंबर को सहायक उपनिरीक्षक मदरूप के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर गांव एकट के पास मोटरसाइकिल से जा रहे तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से प्लास, फन्नर और पेचकश समेत डीपी खोलने के उपकरण मिले। पूछताछ के दौरान आरोपियों की सूचना पर पुलिस ने जीरोता गांव के पास नदी से 3 किलो 50 ग्राम कॉपर तार और 25 मीटर केबल बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय मोंगिया (20), निवासी कांचरौदा और हाल निवासी मथुरा (उत्तर प्रदेश); जमनालाल मोंगिया (20), निवासी जीरोता, सपोटरा; और काडू बावरिया (26), निवासी सांकड़ा, मलारना डूंगर, सवाई माधोपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया है। उनसे चोरी के अन्य मामलों और सामान की बरामदगी को लेकर पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक उपनिरीक्षक मदरूप और कांस्टेबल सतीश, बृजेश व मेघराम शामिल थे।