पंचायती राज चुनाव के चौथे चरण में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है। सपोटरा, कुडगांव और मंडरायल में दोपहर 3 बजे तक नामांकन जमा किए जा सकेंगे। अंतिम दिन राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशी और निर्दलीय उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर रहे हैं। सपोटरा में रिटर्निंग अधिकारी अनूप सिंह के सामने अब तक 104 प्रत्याशियों ने पर्चे जमा किए हैं। कुडगांव में रिटर्निंग अधिकारी अभयराज के सामने 180 और मंडरायल में रिटर्निंग अधिकारी मोहर सिंह मीना के सामने 112 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। 6 नवंबर को वापस ले सकेंगे नाम भाजपा, कांग्रेस और बसपा ने अब तक अपने प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है। टिकट के दावेदार पार्टी नेतृत्व के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। कांग्रेस में कथित आपसी खींचतान की चर्चाओं के बीच टिकट के दावेदार असमंजस में हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक 5 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 6 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह दिए जाएंगे।