सवाई माधोपुर में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा का 75वां जन्मदिन मंगलवार को उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह कृषि मंत्री ने त्रिनेत्र गणेश के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद जिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। शाम को समर्थकों ने विंटेज कार में उनका जुलूस निकाला। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया और दंडवीर बालाजी मंदिर के पास उन्हें फलों से तौला गया। रात को छोटा राजबाग मैदान में भजन संध्या आयोजित हुई, जिसमें उन्होंने भजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भले ही 75 साल का हो गया हूं, लेकिन आज भी 25 साल के लड़के को हरा सकते हैं। विंटेज कार में निकाला जुलूस, फलों से तौला मंगलवार शाम कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा का काफिला खंडार तिराहे पर पहुंचा। यहां समर्थकों ने उन्हें विंटेज कार में सवार कर जुलूस निकाला। इस दौरान सभापति मेवा चौधरी और उपसभापति माया गोयल भी उनके साथ मौजूद रहीं। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। दंडवीर बालाजी मंदिर के पास श्याम कृपा परिवार के शोभित साहू की ओर से कृषि मंत्री को फलों से तौलने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद वे छोटा राजबाग मैदान में आयोजित भजन संध्या में पहुंचे। यहां समर्थकों ने केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया। देर रात तक भजनों पर झूमे श्रोता भजन संध्या में राजू खंडेलवाल, श्रेष्ठ दीक्षित, पलक गोस्वामी और गोकुल शर्मा ने बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में देर रात तक श्रोता और श्याम भक्त मौजूद रहे। इस दौरान सभापति मेवा चौधरी, उपसभापति माया गोयल, रामहरि चौधरी, राजेश गोयल सहित नगर परिषद के पार्षद और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। बोले- 25 साल के लड़के को भी हरा सकता हूं कार्यक्रम में संबोधन के दौरान कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने अपने जन्मदिन से जुड़ा एक किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि भले ही वे 75 साल के हो गए हैं, लेकिन आज भी 25 साल के लड़के को हरा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जब उनके पिता स्कूल में उनका दाखिला कराने गए थे, तब मास्टरजी ने जन्म की तारीख पूछी। इस पर पिता ने कहा था कि तारीख तो पता नहीं है, लेकिन इतनी लिख दो कि यह दसवीं पास करके मास्टर बन जाए। कृषि मंत्री ने कहा कि वे चार जिलों से विधायक और दो बार लोकसभा सदस्य बने, लेकिन उन्हें मंत्री सवाई माधोपुर के लोगों ने बनाया। यह यहां के लोगों का प्यार है कि उन्होंने पहले उन्हें चुनाव जिताया और फिर नगर परिषद में 33 पार्षद जिताए। उन्होंने कहा कि ये पार्षद उनके लिए करोड़ देवी-देवताओं के समान हैं। उन्होंने सवाई माधोपुर में 850 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए जाने की बात कही। साथ ही कहा कि ये कार्य आगामी समय में धरातल पर नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ योगी की तरह बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाएगी।