सवाई माधोपुर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानटाउन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी ने महज 5 हजार रुपए के लालच में अपना बैंक खाता साइबर ठगी के लिए उपलब्ध करवाया था, जबकि दूसरा आरोपी ठगी का मुख्य सरगना बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों को ग्राम लोदीपुरा से डिटेन कर गिरफ्तार किया। SP ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में ASP नेहा अग्रवाल और CO सिटी राजेन्द्र कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पोर्टल पर शिकायत मिलने पर किया गिरफ्तार पुलिस के अनुसार 1 नवंबर 2026 को साइबर थाना सवाई माधोपुर से संदिग्ध बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) की सूची प्राप्त हुई थी। इसका विश्लेषण करते हुए मानटाउन थाने के एएसआई जगराम ने यूनियन बैंक की सवाई माधोपुर शाखा के एक खाते की जांच की। जांच में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज शिकायत में साइबर ठगी की रकम इस खाते में प्राप्त होना सामने आया। यह शिकायत भारत सरकार के समन्वय पोर्टल के माध्यम से मिली थी। इसमें हरियाणा के यमुनानगर जिले के सादोरा थाना क्षेत्र निवासी आवेश पुत्र सुधीर के साथ साइबर ठगी की गई थी। बैंक से खाता खुलवाने के दस्तावेज, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाने पर खाताधारक की पहचान राजकुमार (27) पुत्र बजराम निवासी खेड़ली कलां के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपना बैंक खाता मनोज उर्फ बबलू (30) पुत्र रामबाबू निवासी खेड़ली कलां को दे रखा था। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी मनोज उर्फ बबलू टेलीग्राम चैनल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से लोगों को अलग-अलग योजनाओं का लालच देकर ठगी करता था। वह डमी मैसेज, लॉस कवर, मनी हेल्प ट्रेडिंग और फॉरेक्स ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर लोगों को झांसे में लेता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्तता को लेकर जांच की जा रही है।