सवाई माधोपुर जिले की चार पंचायत समितियों में मंगलवार, 3 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। बामनवास, बौंली, मलारना डूंगर और खंडार में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसके लिए 498 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4 लाख 35 हजार 677 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2 लाख 32 हजार 267 पुरुष और 2 लाख 3 हजार 410 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान की तैयारियों के तहत सोमवार, 2 नवंबर को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय साहूनगर में मतदान दलों का द्वितीय और अंतिम प्रशिक्षण होगा। इसके बाद मतदान दलों को केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। बामनवास में सबसे ज्यादा 1.32 लाख मतदाता चारों पंचायत समितियों में बामनवास में सबसे ज्यादा 1 लाख 32 हजार 270 मतदाता हैं। यहां 156 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 70 हजार 898 पुरुष और 61 हजार 372 महिला मतदाता हैं। खंडार में 134 मतदान केंद्रों पर 1 लाख 18 हजार 911 मतदाता, बौंली में 106 केंद्रों पर 99 हजार 572 और मलारना डूंगर में 102 केंद्रों पर 84 हजार 924 मतदाता वोट डालेंगे। जिला परिषद के 31 और पंचायत समिति के 80 वार्डों में मुकाबला तीसरे चरण में जिला परिषद के 31 वार्डों के लिए 90 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, पंचायत समिति सदस्य के 80 निर्वाचन क्षेत्रों में 245 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें बामनवास के 23 वार्डों में 70, बौंली के 19 वार्डों में 67, खंडार के 23 वार्डों में 67 और मलारना डूंगर के 15 वार्डों में 41 प्रत्याशी मैदान में हैं। मलारना डूंगर पंचायत समिति के वार्ड 10 और 11 में सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में तैयारियां पूरी जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम के निर्देशन में चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान दलों को सोमवार को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। 5 नवंबर को पंच-सरपंच और 25 नवंबर से प्रमुख-प्रधान के चुनाव निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 5 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। इसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान का चुनाव होगा।