सवाई माधोपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-फरोख्त के खिलाफ पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मानटाउन थाना पुलिस ने कुख्यात स्मैक विक्रेता जसराम उर्फ झब्बू मीना को बारां जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के महज दो दिन के अंदर सप्लायर को पकड़ने में सफलता हासिल की है। एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में एएसपी नेहा अग्रवाल और सीओ सिटी राजेंद्र कुमार के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। लाडपुरा से किया गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को कुण्डेरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ स्मैक के मामले में जसराम उर्फ झब्बू मीना (35) निवासी उलियाणा, थाना कुण्डेरा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान जसराम ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक बारां जिले के लाडपुरा निवासी संदीप कुमार (26) पुत्र परमानंद मीना से लेकर आता था। इसके बाद पुलिस ने सप्लायर की तलाश शुरू की। 31 अक्टूबर को मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बारां जिले के लाडपुरा में दबिश देकर आरोपी संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कुण्डेरा थाने में दर्ज NDPS एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपी से स्मैक की खरीद-फरोख्त और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल दयाराम और कॉन्स्टेबल हरिसिंह शामिल रहे।