जैसलमेर | पंचायत आम चुनाव 2026 के निर्वाचन कार्य में लापरवाही और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खारिया जेठवी ब्लॉक सम के वरिष्ठ अध्यापक सुरेन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेशानुसार सुरेन्द्र कुमार को पंचायत चुनाव के तहत मतदान अधिकारी नियुक्त किया गया था। उन्हें 2 नवंबर को आयोजित मतदान अधिकारियों के अनिवार्य प्रशिक्षण में भाग लेना था, लेकिन वे बिना किसी पूर्व सूचना अथवा सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के अनुपस्थित रहे। निर्वाचन जैसे संवेदनशील व समयबद्ध कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कार्मिक के खिलाफ राजस्थान असैनिक सेवाएं नियम 1958 के नियम 13(1) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।