बाड़मेर | बाड़मेर से दिल्ली जा रही शालीमार एक्सप्रेस के सामने सोमवार रात अचानक ऊंट आ गया। बायतु से करीब पांच किलोमीटर आगे बायतु स्टेशन और भीमरलाई स्टेशन के बीच हादसा हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से ऊंट की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन घटनास्थल पर ही खड़ी हो गई। यात्रियों को परेशानी हुई। जानकारी के अनुसार ऊंट का शव इंजन के आगे लगे सेफ्टी गार्ड में बुरी तरह फंस गया। इंजन जाम हो गया। ट्रेन को आगे-पीछे करना संभव नहीं हो सका। रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। शव निकालने का प्रयास शुरू किया। अंधेरा होने से कर्मचारियों को शव निकालने में दिक्कत आ रही है। हादसे के दौरान इंजन का अगला हिस्सा खून से सन गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार शालीमार एक्सप्रेस के रवाना होने में एक से दो घंटे की देरी की आशंका है।