अक्षरा ने जयपुर के नेवटा स्थित मंदिर में अपने डिवोशनल सॉन्ग की शूटिंग की है। अक्षरा ने कहा कि डिवोशनल सॉन्ग से जुड़ना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। मंदिर परिसर में गाने की शूटिंग के दौरान भक्ति और संगीत का खास संगम देखने को मिला। दरअसल, दीपावली के मौके पर रिलीज होने जा रहे भक्ति गीत ‘राम आएंगे’ की शूटिंग जयपुर के नेवटा क्षेत्र में की गई है। गीत में अभिनेत्री अक्षरा सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जबकि इसे गायिका श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। गीत की शूटिंग नेवटा स्थित मंदिर और वहां की गलियों में हुई। अक्षरा सिंह के साथ जयपुर की छह मॉडल भी इसमें शामिल हैं। गीत में रामायण की कहानी को दृश्यात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। गीत का निर्देशन अमन प्रजापत ने किया है और इसके निर्माता सौरभ प्रजापत हैं। टीम इससे पहले भी कई वीडियो एल्बम बना चुकी है। निर्देशक अमन प्रजापत ने बताया कि वे जयपुर से हैं, इसलिए उनके ज्यादातर प्रोजेक्ट राजस्थान में ही शूट होते हैं। उन्होंने कहा कि टीम बॉलीवुड के कई गायकों के साथ लगातार काम कर रही है और आगामी दिनों में भी राजस्थान में कई गानों की शूटिंग प्रस्तावित है। ‘भगवान राम के गीत से जुड़ना खास’ अक्षरा सिंह ने बताया कि उन्होंने दो दिन में दो गानों की शूटिंग की है। उन्होंने प्रोडक्शन की तारीफ करते हुए कहा कि दीपावली के मौके पर भगवान राम के गीत से जुड़ना उनके लिए बेहद खास है। इस बार दिवाली खास होने वाली है। अक्षरा के मुताबिक, वे पहले भी जयपुर में शूटिंग कर चुकी हैं, लेकिन इस बार अलग तरह की लोकेशन पर काम करने का अनुभव खास रहा। उन्होंने कहा कि भक्ति गीत से जुड़ना हमेशा खास होता है और इस बार का अनुभव यादगार बन गया है। भोजपुरी फिल्मों से मिली पहचान अक्षरा सिंह भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री और गायिका हैं। उन्होंने वर्ष 2010 में फिल्म ‘सत्यमेव जयते’ से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद ‘सौगंध गंगा मैया के’, ‘दिलेर’ और ‘साथिया’ जैसी फिल्मों में काम किया। ‘सत्या’, ‘तबादला’, ‘धड़कन’ और ‘सरकार राज’ जैसी फिल्मों से उन्हें खास पहचान मिली। उन्होंने हिंदी टेलीविजन पर भी काम किया और ‘काला टीका’, ‘सर्विस वाली बहू’ तथा ऐतिहासिक धारावाहिक ‘पोरस’ में नजर आईं। वर्ष 2021 में वे रियलिटी शो ‘बिग बॉस ओटीटी’ में भी शामिल हुईं। अभिनय के साथ-साथ अक्षरा गायन में भी सक्रिय हैं और भोजपुरी संगीत में उनके कई गीत लोकप्रिय हुए हैं।